महावीर जन्मकल्याणक पर भव्य शोभायात्रा, विधायक देवेंद्र पटेल, पूर्व मंत्री रामपालसिंह हुए शामिल

सिलवानी। नगर में सोमवार को भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महामहोत्सव के पावन अवसर पर जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ निकली इस शोभायात्रा में सिलवानी विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र पटेल एवं पूर्व मंत्री रामपालसिंह शामिल हुए।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा पर तिलक लगाकर श्रीपाल भेंट का पूजन एवं आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शोभायात्रा में भगवान महावीर स्वामी की आकर्षक झांकियां सजाई गईं जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक देवेंद्र पटेल ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी का सत्य और अहिंसा का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना प्राचीन काल में था। उनके आदर्श और उपदेश मानव समाज को सदैव सही दिशा दिखाते रहेंगे।
कार्यक्रम में जैन समाज के वरिष्ठजन मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान नगर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।



