मध्य प्रदेश

मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य में सिलवानी अव्वल, एसडीएम हर्षल चौधरी सम्मानित

जिले और प्रदेश में सबसे पहले कार्य पूर्ण कर सिलवानी ने बढ़ाया गौरव
सिलवानी। वर्ष 2026 के मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में नगर पंचायत सिलवानी, नवीन नगर पंचायत कस्बा बम्होरी एवं ग्रामीण सिलवानी ने जिले और प्रदेश में सर्वप्रथम कार्य पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला मुख्यालय रायसेन में आयोजित सम्मान समारोह में सिलवानी के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) हर्षल चौधरी को प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा एवं अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम हर्षल चौधरी ने बताया कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि तहसीलदार सुधीर शुक्ला, नायब तहसीलदार गौरव शुक्ला, जनपद पंचायत सीईओ नीलम रायकवार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ऋषिकांत यादव, तहसील निर्वाचन कार्यालय के ऑपरेटर, मास्टर ट्रेनर्स, सुपरवाइजर, प्रगणक तथा नगर परिषद सिलवानी के कर्मचारियों ने टीम भावना के साथ कठिन परिस्थितियों में भी जिम्मेदारीपूर्वक कार्य किया।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक कार्य करते हुए समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा किया, जिसके लिए पूरी टीम बधाई और धन्यवाद की पात्र है। एसडीएम चौधरी ने यह भी कहा कि अनुविभागीय कार्यालय सिलवानी द्वारा शीघ्र ही इस कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
मास्टर ट्रेनर एवं सुपरवाइजर डॉ. लक्ष्मीकांत नेमा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम हर्षल चौधरी ने पूरी टीम को बेहतर दिशा-निर्देश दिए और लगातार उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि एसडीएम स्वयं तेज धूप में टीम के साथ मौजूद रहकर जनगणना एवं सूचीकरण कार्य की निगरानी करते रहे तथा समय-समय पर प्रत्येक घंटे कार्य की प्रगति का फीडबैक लेते रहे।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों के सकारात्मक नेतृत्व और टीमवर्क के कारण ही सिलवानी ने जिले और प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

Related Articles

Back to top button