कार्यकर्ता संगठन की नींव, नींव मजबूत तो संगठन अजेय, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग का समापन, जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने जताया कार्यकर्ताओं का आभार
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी जिला रायसेन द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के द्वितीय दिवस के समापन सत्र में केंद्रीय कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “कार्यकर्ता संगठन की नींव का पत्थर होता है। यदि नींव कमजोर हो जाए तो भवन भी मजबूत नहीं रह सकता। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का प्राण है और कार्यकर्ताओं की ताकत ही भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाती है। संगठन हो तो रायसेन जैसा हो, जहां कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्के घर मिल रहे हैं, उज्ज्वला योजना से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली है, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से बिजली बचत और आत्मनिर्भरता बढ़ रही है, वहीं मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का माध्यम बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भाजपा कार्यकर्ता का सबसे बड़ा दायित्व है।
कार्यक्रम से पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रशिक्षण वर्ग में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद वे सभा कक्ष में पहुंचे और उपस्थित कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन, भोपाल संभाग प्रभारी तेज बहादुर सिंह, वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह तथा जिला प्रभारी सुश्री राजो मालवीय का स्वागत किया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। आठवें सत्र में पंकज चतुर्वेदी ने मीडिया की भूमिका पर अपना वक्तव्य दिया, जबकि प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक सुयश त्यागी ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। नवम सत्र में जिला प्रभारी सुश्री राजो मालवीय ने “सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर अपने विचार रखे। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने की। दसवें सत्र की अध्यक्षता पप्पू रेवाराम ने की, जिसमें भाजपा वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर विस्तार से जानकारी दी। ग्यारहवें सत्र में दादा राजपूत की अध्यक्षता में रजनीश अग्रवाल ने “देश के समक्ष चुनौतियां” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
राष्ट्रगान के साथ प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह ठाकुर एवं राकेश तोमर ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



