सांसद निधि से चौरसिया समाज को मिली 10 लाख की सौगात, सोमवार को होगा भूमिपूजन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। चौरसिया समाज के लिए यह अत्यंत हर्ष, गौरव एवं सम्मान का विषय है कि शहडोल संसदीय क्षेत्र ज्ञकी सांसद हिमाद्रि सिंह द्वारा सांसद निधि (MPLEDS) मद से उमरियापान चौरसिया समाज के लिए सामाजिक हाल निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की राशि माह मार्च में स्वीकृत की गई है । इस स्वीकृति से समाज के लोगों में खुशी एवं उत्साह का वातावरण बना हुआ है । लंबे समय से समाज के लिए एक व्यवस्थित भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब सांसद निधि से मिलने वाली इस राशि से पूरी होने जा रही है ।
प्रस्तावित सामाजिक हाल के निर्माण से चौरसिया समाज के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी । साथ ही समाज के लोगों को बैठकों, पारिवारिक आयोजनों एवं सामूहिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा । समाज के वरिष्ठजनों ने सांसद हिमाद्रि सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज हित में महत्वपूर्ण पहल बताया है ।
उक्त निर्माण कार्य का भूमि पूजन कार्यक्रम सोमवार को आयोजित किया जाएगा । कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे । इसके अलावा सरपंच अटल व्योहार, ग्राम सचिव, चौरसिया समाज के वरिष्ठजन एवं मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया की विशेष उपस्थिति में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न होगा ।
कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों द्वारा तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं । समाज के युवाओं एवं वरिष्ठजनों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है । चौरसिया समाज के अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने समस्त स्वजातीय बंधुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने तथा समाज की एकता एवं सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की अपील की गई है ।
समाज के अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने कहा कि यह भवन आने वाले समय में सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा समाज के विकास एवं संगठनात्मक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ।



