विहाररत साध्वियों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर उच्चस्तरीय जांच की मांग

बेगमगंज । सकल जैन समाज एवं नगर के अन्य धार्मिक सामाजिक व्यापारिक संगठनों द्वारा आज एक जुलूस निकालकर रीवा में विहाररत जैन साध्वी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर क्षोभ व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम सौरभ मिश्रा को देकर उच्च स्तरीय जांच सहित 21 सूत्रीय मांगों को पूर्ण करने का आग्रह किया गया है।
बड़ा जैन मंदिर कबीट चौराहे से जैन धर्मालंबियों का मौन जुलूस प्रारंभ हुआ। जिसमें सकल जैन समाज अध्यक्ष अक्षय सराफ , हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर, नपाध्यक्ष संदीप लोधी सहित भारी संख्या में जैन समाज, सनातन समाज एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि , समाजसेवियों , व्यापारियों की भागीदारी रहीं।
मौन जुलूस गांधी बाजार , मेन रोड, पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचा और रीवा जिला मुख्यालय पर आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की विहाररत शिष्या आर्यिका श्री 105 श्रुतमति माता जी एवं आर्यिका श्री 105 उपशममति माताजी का तेज रफ्तार वाहन चालक के द्वारा दुर्घटना की गई जिसमें संघ की पूज्य आर्यिकाओं का आकस्मिक निधन होने पर क्षोभ व्यक्त कर , इसे सड़क दुर्घटना मानने से इंकार करते हुए उपलब्ध तथ्यों , सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद समाज में उनके साधु -संतों , साध्वियों की सुरक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। जैन समाज का आरोप है कि इस दर्दनाक घटना से समाज की शंका-कुशंका के साथ चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम सौरभ मिश्रा को देकर ज्ञापन में उल्लेखित 21 सूत्रीय मांगों में घटना की निष्पक्ष एसआईटी से जांच कराने , सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने, यदि षड्यंत्र पूर्वक कृत्य किया गया हो कठोर धाराएं लगाई जाए, राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाने, बिहाररत साधु-संतों की सुरक्षा के लिए संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने, बिहार मार्गों पर प्रशासनिक समन्वय करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग, ट्रैफिक नियंत्रण एवं चेतावनी संकेतक लगाने, हाईवे एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी सुनिश्चित करने जैसी प्रमुख मांगो को स्वीकृति देकर इस दिशा में उचित कदम उठाते हुए संपूर्ण जैन समाज पर उपकार करने का आग्रह किया गया है।


