मध्य प्रदेश

बड़वारा में वृहद स्वास्थ्य शिविर का समापन, 5045 से अधिक मरीजों का हुआ परीक्षण

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विधानसभा बड़वारा क्षेत्र के शासकीय संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़वारा में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के सौजन्य से एवं आर.पी. फाउंडेशन के संस्थापक तथा पीपुल्स हॉस्पिटल भोपाल के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल समापन हुआ । शिविर के दूसरे दिन भी क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया गया ।
शिविर के दौरान विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने आयोजन स्थल पहुंचकर इलाज कराने आए ग्रामीणजनों से मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली । उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की । विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क उपचार पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे ।
दो दिवसीय इस वृहद स्वास्थ्य शिविर में डाक्टरों द्वारा लगभग 4677 से अधिक विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया । शिविर में मेडिसिन, नेत्र रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, त्वचा रोग सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही, जिन्होंने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया । शिविर में दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भी बड़ी संख्या में लाभ प्राप्त किया ।
गंभीर बीमारी से ग्रसित लगभग 321 मरीजों को बेहतर उपचार हेतु भोपाल रेफर किया गया, जहां उनके निःशुल्क इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई । इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है । शिविर में मरीजों की सुविधा के लिए पंजीयन, जांच, दवा वितरण, पेयजल एवं बैठने जैसी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से की गई थीं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा । इस अवसर पर गुंजन जैन ने विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके जनहितैषी एवं सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही । इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम, मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया,मंडल अध्यक्ष अनुराग गुप्ता, अजय सोनी, नितिन पाण्डेय, मनीष बागरी, हर्ष द्विवेदी , राजेश ब्यौहार, जयप्रकाश चौरसिया, योगेन्द्र सिंह ठाकुर,केतन गर्ग , धीरज जैन,सोनू गौतम सहित एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे । ग्रामीणजनों ने इस प्रकार के विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजन के लिए विधायक एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button