मध्य प्रदेश

आंधी-तूफान का कहर, बम्हनी मेनरोड पर विशाल आम का पेड़ गिरने से घंटों बाधित रहा यातायात

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । नौतपा के पहले ही दिन सोमवार शाम को क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के साथ धूलभरी आंधी और मौसम में आए बदलाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया । कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए, वहीं बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही । सबसे अधिक असर उमरियापान- ढीमरखेड़ा मुख्य मार्ग पर देखने को मिला, जहां ग्राम बम्हनी मेनरोड पर एक विशालकाय आम का पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं ।
अचानक सड़क बंद हो जाने से राहगीरों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों तक सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। वहीं दोपहिया वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों की तलाश करते नजर आए ।
स्थानीय ग्रामीणों ने स्थिति को देखते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने कुल्हाड़ी और अन्य उपकरणों की मदद से पेड़ की डालियों को काटकर रास्ता साफ करने की कोशिश की । ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को आंशिक रूप से बहाल कराया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात शुरू हो सका ।
तेज आंधी और हवाओं के कारण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई । कई गांवों में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को गर्मी और उमस के बीच परेशानी उठानी पड़ी।

Related Articles

Back to top button