अवैध रूप से पेट्रोल परिवहन करते बोलेरो वाहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन जप्त

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । चौकी सिलौड़ी थाना ढीमरखेड़ा पुलिस ने अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल का उपेक्षापूर्ण एवं लापरवाही से परिवहन करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन जप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद एवं थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा के मार्गदर्शन में चौकी सिलौड़ी पुलिस ने यह कार्रवाई की ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28 मई को चौकी सिलौड़ी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गोपालपुर तिराहा के पास एक बोलेरो वाहन में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल का परिवहन किया जा रहा है । सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की गई ।
पूछताछ के दौरान बोलेरो चालक ने अपना नाम मनोज साहू पिता नन्हेलाल साहू, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हनी जिला कटनी बताया । जांच में वाहन में पेट्रोल का उपेक्षापूर्ण एवं लापरवाही से परिवहन किया जाना पाया गया। जिस पर पुलिस ने धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC एक्ट) एवं धारा 287 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन को जप्त कर कब्जे में लिया ।
जप्तशुदा बोलेरो वाहन को सुरक्षार्थ चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है ।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा एवं आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा की विशेष भूमिका रही ।



