मध्य प्रदेश

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत द्वारा साइक्लोथॉन का आयोजन

सिलवानी । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला रायसेन द्वारा विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर सिलवानी में भव्य साइक्लोथॉन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा साइकिल रैली के माध्यम से फिटनेस और हरित पर्यावरण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विभोर नायक, खेल शिक्षक कमलेश जाटव एवं पार्षद प्रदीप कुशवाहा और मेरा युवा भारत रायसेन की डिप्टी डायरेक्टर मोनिका चौधरी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल का उपयोग करने तथा फिट इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में हीरेन्द्र यादव, संयम सराठे, जय यादव, आदित्य रघुवंशी, एवं कमलेश लोधी सहित अन्य युवा स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, सक्रिय एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया तथा विश्व साइकिल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button