विश्व पर्यावरण दिवस पर मानवाधिकार परिषद का पौधारोपण अभियान

मुक्तिधाम में लगाया ‘एक पेड़ अपनी माँ के नाम
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मानवाधिकार परिषद के जिला एवं संभागीय पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री की प्रेरणा से चलाए जा रहे “एक पेड़ अपनी माँ के नाम” अभियान के तहत कटनी के नदीपार मोड़ स्थित मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मानवाधिकार परिषद के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी, संभाग उपाध्यक्ष अधिवक्ता संजय जैन, संभागीय महिला विंग अध्यक्ष एवं समाजसेवी अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी, संभागीय कोषाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, अनुसूचित जनजातीय बालक छात्रावास अधीक्षक ए.के. मेहरा, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास अधीक्षक हेमंत अटल, जिला महासचिव दीपक कोटक, जिला उपाध्यक्ष प्रकाशचंद जैन, भाजपा जिला युवा उपाध्यक्ष अजय माली तथा जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ के पूजन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण किया।
मुख्य अतिथि रामकुमार द्विवेदी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए और प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण में योगदान दे। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
संभागीय महिला विंग अध्यक्ष रेखा अंजू तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि मुक्तिधाम जीवन की अंतिम सच्चाई का प्रतीक है और यह स्थान हमें प्रकृति, पूर्वजों तथा जीवन के मूल्यों का स्मरण कराता है। उन्होंने सभी से पूर्वजों का आशीर्वाद लेकर पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन मानवाधिकार परिषद कटनी के जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने किया। इस अवसर पर शासकीय शिक्षिका डॉ. उर्मिला साई प्रीत, समाजसेवी लता खरे, महिला विंग जिला उपाध्यक्ष श्रीमती दुर्गा तोमर, सुश्री तेजस्वी लक्ष्मी रजक, युवा सदस्य दुर्गेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संभाग उपाध्यक्ष संजय जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया तथा सभी को शीतल पेयजल वितरित किया।



