जनता की मेहनत रंग लाई, बीना नदी से हटाया जा रहा मलबा

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। नगर की एकमात्र जीवनदायिनी बीना नदी को बचाने के लिए चलाए जा रहे ‘बीना बचाओ अभियान’ का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। कुछ दिन पूर्व अभियान समिति एवं नगरवासियों ने नदी संरक्षण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की थी तथा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर नदी में डाले गए मलबे को हटाने की मांग की थी।
जनता के लगातार प्रयासों के बाद अब ठेकेदार द्वारा नदी में डाला गया मलबा हटाया जा रहा है। इससे बीना नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनः बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अभियान समिति ने इस कार्रवाई पर प्रशासन एवं सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है।
हालांकि समिति का कहना है कि बीना नदी के स्थायी संरक्षण के लिए अभी और प्रयास आवश्यक हैं। समिति के अनुसार, नदी के नीचे बने पुराने स्टॉप डैम को हटाना या उसके स्थान पर वर्तमान मानकों के अनुरूप नया निर्माण कराया जाना जरूरी है। लगभग वर्ष 1986-87 में बने इस स्टॉप डैम के कारण नदी में बड़ी मात्रा में गाद और मलबा जमा हो गया है, जिससे उसकी प्राकृतिक गहराई प्रभावित हुई है।
बीना बचाओ अभियान समिति का मानना है कि यदि पुराने स्टॉप डैम के स्थान पर आधुनिक मानकों के अनुरूप नया डैम बनाया जाता है, तो नदी की प्राकृतिक गहराई और जल प्रवाह बहाल होगा तथा भविष्य में नदी संरक्षण को स्थायी मजबूती मिलेगी।



