*स्लीमनाबाद के होटल में पुलिस की अचानक छापेमारी, जांच के दौरान मिले चार बालिक जोड़े

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । स्लीमनाबाद पुलिस ने कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायत के आधार पर एक होटल में औचक छापेमारी की । कार्रवाई के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों में चार युवक-युवतियां (चार जोड़े) मिले । सूचना में होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की ।
*शिकायत के बाद हुई कार्रवाई*
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को मिली सूचना के आधार पर स्लीमनाबाद पुलिस टीम होटल पहुंची और कमरों की जांच की । अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया ।
*सभी युवक-युवतियां निकले बालिग*
जांच के दौरान पुलिस ने सभी युवक-युवतियों के पहचान पत्र एवं दस्तावेजों की जांच की । सभी की उम्र 18 वर्ष से अधिक पाई गई । किसी प्रकार का तत्काल आपराधिक मामला सामने नहीं आने पर पुलिस ने उन्हें आवश्यक समझाइश देकर जाने दिया ।
*परिजनों के साथ थाने बुलाया*
पुलिस ने सभी युवक-युवतियों को अगले दिन अपने-अपने माता-पिता अथवा परिजनों के साथ थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं । बताया जा रहा है कि अधिकांश युवक-युवतियां स्लीमनाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं ।
*होटल प्रबंधन की भी जांच*
पुलिस अब होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है । यह देखा जा रहा है कि होटल में ठहरने वाले लोगों की वैध पहचान दर्ज की गई थी या नहीं तथा होटल संचालन से संबंधित नियमों का पालन किया गया था या नहीं । यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।



