सेवा सप्ताह में बजरंग दल का पर्यावरण संरक्षण अभियान, मंदिरों में पौधारोपण और स्वच्छता अभियान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल द्वारा आयोजित सेवा सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को उमरियापान प्रखंड में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को समर्पित विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान हनुमान मंदिर (पुरवा मोहल्ला), खेर माता मंदिर एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर मंदिर प्रांगण की साफ-सफाई की।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सनातन संस्कृति में वृक्षों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। कार्यकर्ताओं ने बताया कि भारतीय संस्कृति और शास्त्रों में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है तथा एक वृक्ष लगाना सौ यज्ञों के समान पुण्य का कार्य माना गया है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
अभियान के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने कम से कम पांच पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रखंड संयोजक गजराज सिंह ठाकुर, सह मंत्री धर्मेंद्र बर्मन, सह संयोजक विकास बर्मन, गौ रक्षा प्रमुख मनोज सोनी, ऋषभ ब्यौहार, डॉ. प्रिंस उरमालिया, रोहित नामदेव, राधाकृष्ण ठाकुर, अनिमेष, राकेश बर्मन, नितिन, भीम बर्मन सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सेवा के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का आह्वान किया।



