मध्य प्रदेश

बार गांव आत्महत्या प्रकरण में उमरियापान पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोप में छह आरोपी भेजे गए जेल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बारगांव में जमीन विवाद से जुड़े किसान की आत्महत्या मामले में उमरियापान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कटनी भेज दिया गया ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बारगांव निवासी सोहबत लाल चक्रवर्ती (50) ने अपने खेत की मेड़ पर स्थित नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है । सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया । घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को दो सुसाइड नोट भी बरामद हुए ।
विवेचना के दौरान मृतक के परिजनों के बयान तथा सुसाइड नोट के आधार पर सामने आया कि सोहबत लाल का अपने चाचा पक्ष से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था । आरोप है कि चाचा जगदीश चक्रवर्ती, जगन्नाथ चक्रवर्ती, बैजनाथ चक्रवर्ती, रामनाथ चक्रवर्ती तथा चाची गीता बाई चक्रवर्ती और सरला बाई चक्रवर्ती द्वारा जमीन पर कब्जे को लेकर लगातार मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी ।
प्रकरण में उमरियापान थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 206/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 एवं 3(5) के तहत छहों आरोपियों को गिरफ्तार किया । न्यायालय में पेशी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कटनी भेज दिया गया ।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र जायसवाल, उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, अजय तिवारी, आरक्षक सतेंद्र चौरसिया, नीलेश पटेल, मोहन मुबेल, रोहित झारिया, महिला आरक्षक दुर्गा शुक्ला सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

Related Articles

Back to top button