दस्तक एवं विश्व जनसंख्या दिवस अभियान की कार्यशाला आयोजित, आशा कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

सिलवानी। विकासखंड सिलवानी के सिविल अस्पताल में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस. पटेल के निर्देशन में दस्तक अभियान एवं विश्व जनसंख्या दिवस अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें आशा कार्यकर्ताओं और आशा सुपरवाइजरों को दोनों अभियानों के प्रभावी संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।
डॉ. आर.एस. पटेल ने बताया कि 14 जुलाई से 31 अगस्त तक चलने वाले दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी। अभियान के दौरान जन्मजात विकृतियों, एनीमिया, कुपोषण और अन्य बीमारियों से ग्रसित बच्चों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन सिरप तथा 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया जाएगा तथा जिन बच्चों का हीमोग्लोबिन 7 ग्राम से कम होगा, उन्हें जिला स्तर पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यशाला में बीईई विक्रम खत्री ने बताया कि 11 से 18 जुलाई तक विश्व जनसंख्या दिवस अभियान संचालित होगा। इसका उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना एवं पात्र दंपतियों को उनकी इच्छा के अनुसार स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन साधनों की सेवाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. आर.एस. पटेल ने दोनों अभियानों के सफल क्रियान्वयन के लिए मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर बीपीएम जयदीप साहू, बीसीएम इंदर कुशवाहा, लेखापाल हेमंत सराठे, फार्मासिस्ट पुष्पेंद्र रघुवंशी सहित स्वास्थ्य विभाग का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।



