नगर परिषद ने चलाया स्वच्छता अभियान, होली चौक से हटाया गया कचरा

सिलवानी। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राकेश मिश्रा ने नगर के वार्ड क्रमांक 09 का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान होली चौक पर कचरे का ढेर पाए जाने पर सीएमओ मिश्रा ने तत्काल सफाई कर्मचारियों को निर्देशित कर मौके पर सफाई कराई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर का निर्माण केवल नगर परिषद के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों के सहयोग से ही संभव है।
सीएमओ राकेश मिश्रा ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा नगर परिषद के स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से न केवल नगर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
नगर परिषद ने सभी नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने एवं अपने आसपास साफ-सफाई रखने का आग्रह किया है, ताकि सिलवानी को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ नगर बनाया जा सके।



