पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 82 पेटी अवैध शराब व पिकअप वाहन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

सिलवानी। रायसेन पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिलवानी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 82 पेटी अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सिलवानी कुंवर सिंह मुकाती के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, रात्रि में मुखबिर से सूचना मिली कि बम्होरी की ओर से गैरतगंज की तरफ एक बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP09 GJ0664 में दो व्यक्ति अवैध शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सिलवानी के सामने तिराहे पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान बजरंग चौराहा की ओर से आ रहे संदिग्ध पिकअप वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 82 पेटियों में भरी देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 735 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 17 हजार रुपये है, तथा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है, जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू यादव (33 वर्ष) पिता राजू यादव तथा संजू कलावत (28 वर्ष) पिता सुरेश कलावत, दोनों निवासी ग्राम समनापुर कला, थाना गैरतगंज, जिला रायसेन, के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजीत परते, उपनिरीक्षक अभिषेक खरे, सहायक उपनिरीक्षक हरिऔम चौबे एवं भोजपाल शर्मा, प्रधान आरक्षक विनोद रघुवंशी और शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक विक्रम सिंह, अमित भार्गव, रजनीकांत कुर्मी, विनय कुमार, अंकित खटीक तथा सैनिक अजय राजपूत और लखन ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।



