ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में अकीदत और उत्साह से हुए लोग शामिल

पुष्प वर्षा कर भाईचारे का दिया संदेश
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष आरिफ राईन के नेतृत्व में ईद मिलादुन्नबी पर अखाड़ों का रिवायती जुलूस काजी मोहल्ले से निकाल गया। वहीं मस्जिदों मदरसों में पैगंबरे इस्लाम के जन्मदिन और वफात के दिन एक ही होने पर मजहबी तकरीरें की गई। घरों में मीठे पकवान बनाकर जान पहचान वालों को भेजे गए, गरीबों को भोजन कराया गया, जेल, अस्पताल, मदरसे में फल बिस्किट दूध के पैकेट बांटे गए।
जूलूस में हिलाली अखाड़े के युवाओं ने ढोल ताशों की आवाज पर लेझमों के करतब दिखाएं, वहीं सागर की नंदनी धमाल पार्टी ने अपनी कला के रंग बिखेरे, तो देवास से आए हुए ऊंटों और घोड़ों की जोड़ी ने बेहतरीन बधाई नृत्य पेश कर लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया।
पुराना बस स्टैंड पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मलखान सिंह जाट ने अध्यक्ष का शाल उढ़ाकर स्वागत किया वही खलीफाओं को भी हार पहनाए गए साथ ही स्वर संगीत स्वास्थ्य सेवा समिति एक प्रयास ग्रुप के डॉक्टर जितेंद्र तोमर के नेतृत्व में स्वागत करते हुए जुलूस पर पुष्प वर्षा कर भाईचारे का संदेश दिया। बजरिया में संजय राय, एवं विधायक निवास के साथ साथ न्यू स्टार ग्रुप द्वारा भी जुलूस का स्वागत किया गया नगर पालिका के यहां पेयजल की व्यवस्था भी की गई।
नवाब ब्रदर्स द्वारा पानी के पाउच लोगों को प्यास बुझाने के लिए उपलब्ध कराए गए।
काजी मोहल्ले से खलीफाओं प्रमुख लोगों के स्वागत उपरांत शुरू हुआ जुलूस माला फाटक, किला, कबीट चौराहा, गांधी बाजार पुराना बस स्टैंड नया बस स्टैंड एक्सचेंज रोड से होता हुआ बालाई टेकरी मदरसा ग्राउंड पर पहुंचा जहां धार्मिक अनुष्ठान उपरांत समापन किया गया।



