सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितता पर कलेक्टर सख्त, ढीमरखेड़ा के तीन विक्रेताओं पर FIR के निर्देश

कटनी में एक शासकीय उचित मूल्य दुकान निलंबित
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण में अनियमितता बरतने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है । कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश के पालन में विकासखंड ढीमरखेड़ा की तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों के विक्रेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं । वहीं नगर पालिक निगम कटनी क्षेत्र की एक शासकीय उचित मूल्य दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
*ढीमरखेड़ा की तीन दुकानों के विक्रेताओं पर होगी एफआईआर*
विकासखंड ढीमरखेड़ा के अंतर्गत संचालित तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण के दौरान गड़बड़ी और लापरवाही पाए जाने का मामला कलेक्टर श्री तिवारी के संज्ञान में आया था । इस पर जांच के बाद संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए ।
इनमें शासकीय उचित मूल्य दुकान सनकुई ( दुकान कोड 4206020), पहरुआ ( दुकान कोड 4206055) और देवरी बिछिया ( दुकान कोड 4206005 ) शामिल हैं । तीनों दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए हैं ।
*राम निवास सिंह वार्ड की उचित मूल्य दुकान निलंबित*
नगर पालिक निगम कटनी के अंतर्गत संचालित लक्ष्मी महिला प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भंडार, राम निवास सिंह वार्ड की शासकीय उचित मूल्य दुकान (दुकान कोड 4207052) की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं । जांच में गड़बड़ी पाए जाने के बाद उक्त उचित मूल्य दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
*राशन की कालाबाजारी नहीं होगी बर्दाश्त*
कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब और पात्र हितग्राहियों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले राशन की कालाबाजारी अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए गड़बड़ी करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा । प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में उचित मूल्य दुकानों का संचालन करने वाले विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है ।



