भोलेनाथ के द्वार जाने वाले रास्ते पर पसरी गंदगी, बदबू के बीच सफर करने को मजबूर श्रद्धालु

रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
सांईखेड़ा (सिलवानी)। सावन के पावन महीने में जहां एक ओर शिवालयों में ‘हर-हर महादेव’ की गूंज है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं दूसरी ओर सिलवानी क्षेत्र के ग्राम सांईखेड़ा में आस्था के मार्ग पर पसरी गंदगी ने धर्मप्रेमियों को झकझोर कर रख दिया है। यहां सोसायटी परिसर स्थित शिव मंदिर मार्ग पर गैर-जिम्मेदार लोगों द्वारा कचरा फेंके जाने से पूरा रास्ता अवरुद्ध हो गया है, जिससे भगवान भोलेनाथ के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।यह मामला रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सांईखेड़ा का है। पवित्र सावन मास के चलते इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों की संख्या में माताएं, बहनें और अन्य श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए गुजरते हैं। लेकिन सोसायटी परिसर के मुख्य मार्ग पर कचरे का अंबार लगा होने के कारण पूरे इलाके में असहनीय बदबू फैल रही है, जिससे इस पवित्र मार्ग की गरिमा धूमिल हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों को बार-बार समझाइश देने और मना करने के बावजूद वे जानबूझकर मुख्य मार्ग पर ही कचरा डाल रहे हैं। इस लापरवाही के कारण रास्ता बेहद संकरा और बाधित हो गया है। पवित्र महीने में उत्पन्न हुई इस घोर अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय पंचायत प्रबंधन से मांग की है कि इस समस्या का तुरंत निराकरण कर मार्ग की सफाई कराई जाए और पवित्र स्थल के पास गंदगी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



