ट्रैक्टर चोरी का खुलासा: आरोपियों को गिरफ्तार कर 7.50 लाख का ट्रैक्टर किया बरामद

सिलवानी पुलिस की कार्यवाही
सिलवानी। थाना सिलवानी की चौकी जैथारी पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 7.50 लाख रुपये कीमत का आयशर 548 ट्रैक्टर बरामद किया है। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी संजू रघुवंशी निवासी ग्राम बीकलपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने मई 2026 में आयशर 548 ट्रैक्टर पंजीयन क्रमांक MP38ZC1253, 15 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लिया था। ट्रैक्टर को बीकलपुर वेयरहाउस के पास स्थित मकान के बाहर खड़ा किया गया था, जहां से अज्ञात चोर उसे पीछे लगे कल्टीवेटर सहित चोरी कर ले गए। चोरी गए ट्रैक्टर की कीमत लगभग 7.50 लाख रुपये बताई गई। शिकायत पर थाना सिलवानी में अपराध क्रमांक 265/26, धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देशन तथा एसडीओपी सिलवानी कुंवर सिंह मुकाती के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीत परते के निर्देशन एवं चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र एवं लगातार सर्च अभियान के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने 1 सितंबर 2026 की रात करीब 1 बजे जंगल क्षेत्र से चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया। इस दौरान ट्रैक्टर चलाकर ले जा रहे दो आरोपियों राहुल अहिरवार 20 वर्ष, निवासी ग्राम रैपुरा एवं राजेन्द्र अहिरवार 18 वर्ष, निवासी ग्राम चुन्हेटिया को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं मामले का तीसरा आरोपी मनोज अहिरवार, निवासी ग्राम रैपुरा अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संजीत परते, उपनिरीक्षक सुनील सिंह भदौरिया, सहायक उपनिरीक्षक परसराम सरलाम, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह राजपूत, आरक्षक विनय कुमार, सोहरत उइके तथा सैनिक शुभम राजपूत की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।



