शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जमुनिया में नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित

सिलवानी। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जमुनिया में रायसेन जिले की स्वास्थ्य टीम द्वारा विद्यार्थियों के लिए नेत्र परीक्षण एवं शाला स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान करना तथा उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई, जिसमें 28 विद्यार्थियों में दृष्टि दोष पाया गया। इन विद्यार्थियों को आगामी समय में चश्मे वितरित किए जाएंगे, जिससे उन्हें पढ़ाई के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकेगी।
इस स्वास्थ्य परीक्षण में रायसेन जिले के डीपीएम आर.पी. तिवारी, डॉ. उमेश यादव, डॉ. कृति जैन तथा सिलवानी तहसील के नेत्र चिकित्सा सहायक नवल किशोर साहू ने सहभागिता की। यह संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण सीबीएमओ डॉ. आर.एस. पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।



