मध्य प्रदेश

पात्र नागरिकों तक पारदर्शिता और समयसीमा में पहुंचे योजनाओं का लाभ- कलेक्टर सिसोनिया

पराली जलाने की घटनाओं की रोकने बनाएं प्रभावी कार्ययोजना
नवागत कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने की कृषि, खाद्य, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा
रायसेन । नवागत कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कृषि, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, मत्स्योद्योग, सहकारिता तथा उद्यानिकी विभाग की गतिविधियों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सुगमता, पारदर्शिता और समय-सीमा में पहुंचाना सुनिश्चित करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराया जाए। राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता रहे तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र परिवार को खाद्यान्न प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 577 शासकीय उचित मूल्य दुकान हैं तथा 270632 पात्र परिवार हैं जिनमें 1024742 सदस्य है। ई-केवायसी के बारे में अवगत कराया कि कुल 1026476 सदस्यों में से 987633 सदस्यों की ई-केवायसी हो गई है तथा 38843 सदस्यों की ई-केवायसी होना शेष है। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने शेष सदस्यों की ई-केवायसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जो भी समस्या आ रही है उसका शीघ्र समाधान कराएं। सभी एसडीएम और जनपद सीईओ भी इस कार्य को गंभीरता से देखें।
किसी भी स्थिति में खाद्यान्न की कालाबाजारी ना हो
कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने उचित मूल्य दुकानों की नियमित निगरानी करने और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी दुकानों का नियमित निरीक्षण करें, खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण की जांच करें तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाना है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने प्रभावी कार्ययोजना बनाएं
कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, उन्नत तकनीक और कृषि संबंधी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने फसल अवशेष प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए जिला पंचायत सीईओ और डीडीए से कहा कि जिले में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उस पर अमल किया जाए। किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए जागरूक किया जाए। कृषि विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से किसानों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए उन्हें पराली के वैकल्पिक उपयोग तथा उपलब्ध कृषि यंत्रों और तकनीकों की जानकारी दी जाए। संबंधित अधिकारी गांवों में पहुंचकर किसानों को जागरूक करें और रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने कहा कि किसानों से सतत् सम्पर्क में रहें तथा जो भी सहायता नियमानुसार हो, वह करें। कस्टम हायरिंग सेंटर्स की जानकारी किसानों तक पहुचाएं तथा उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग हेतु किसानों को प्रेरित करें।
उद्यानिकी गतिविधियों और मत्स्य पालन को दें बढ़ावा
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने जिले में उद्यानिकी खेती की जानकारी लेते हुए फल, फूल, सब्जी उत्पादन तथा अन्य उद्यानिकी खेती हेतु किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उद्यानिकी फसलों के लाभ, उपलब्ध योजनाओं और आधुनिक तकनीकों के संबंध में जानकारी दी जाए, जिससे वे अपनी कृषि गतिविधियों में विविधता लाकर आय बढ़ाने की दिशा में प्रयास कर सकें।
इसी प्रकार मत्स्योद्योग विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने मत्स्य पालन से जुड़े हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। विभागीय अधिकारी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।
सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सहकारिता से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्य किया जाए। इसी प्रकार पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने पशुपालकों को उन्नत और दुधारू नस्ल के पशुओं की जानकारी देने के साथ ही विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय के साथ कार्य कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। जिला और विकासखण्ड स्तर पर योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी तथा संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button