मध्य प्रदेश

उमरियापान में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ निकले जवारे, मातारानी के जयकारों से गूंजा नगर

बड़ी माई मंदिर से सबसे पहले निकले जवारे, दर्शन के लिए आसपास के गांवों से उमड़े श्रद्धालु; पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर उमरियापान में जवारा विसर्जन का पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया गया ।  शाम होते ही मातारानी के जयकारों के बीच जवारा जुलूस निकाले गए ।  मचखंडा मोहल्ला स्थित बड़ी माई मंदिर से परंपरानुसार सबसे पहले जवारे निकले। इसके बाद नगर के अन्य देवी मंदिरों से जवारे निकाले गए ।  जवारा विसर्जन का नजारा देखने के लिए उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा नगर मातारानी की भक्ति में लीन नजर आया ।
जवारा जुलूस में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें सिर पर जवारा कलश धारण कर शामिल हुईं ।  वहीं पंडा भाव खेलते हुए निकले और श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए नगर भ्रमण में शामिल हुए ।  शाम होते ही नगर के प्रमुख मार्गों पर जवारे के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी ।  जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्टॉल लगाकर प्रसाद वितरण किया ।  चारों ओर गूंजते माता के जयकारों और भक्तिमय माहौल ने पूरे नगर को धर्ममय बना दिया ।
*बड़ी माई के आदेश के बाद सबसे पहले निकलते हैं जवारे*
उमरियापान में मान्यता के अनुसार, बड़ी माई के आदेश के उपरांत मचखंडा मोहल्ला स्थित बड़ी माई मंदिर से सबसे पहले जवारे निकाले जाते हैं ।  इसके बाद नगर के अन्य देवी मंदिरों से जवारे निकलते हैं ।  इस परंपरा के चलते बड़ी माई मंदिर से निकलने वाले जवारों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है ।  जवारा विसर्जन देखने आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उमरियापान पहुंचते हैं ।
नौ दिनों तक व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना करने वाले भक्त जवारा विसर्जन के बाद व्रत का पारण करते हैं। श्रद्धालुओं ने जवारे के दर्शन कर माता का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की ।
*श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है बड़ी माई मंदिर*
उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी माई मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है ।  क्षेत्र में छोटे-बड़े शुभ कार्यों की शुरुआत से पहले बड़ी माई का पूजन-अर्चन करने की परंपरा है ।  शारदीय नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है ।  श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए व्रत रखकर माता की आराधना करते हैं ।
*पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद, संभाली यातायात व्यवस्था*
जवारा विसर्जन के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा ।  थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली । इस दौरान बीएस मार्को, एएसआई कोदू लाल दाहिया, एएसआई गया प्रसाद मोगरे, अनिल पांडेय, आशीष झारिया सहित अन्य पुलिसकर्मी तैनात रहे ।
पुलिसकर्मियों ने नगर के प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित करने में सहयोग किया । आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार सक्रिय रहा ।

Related Articles

Back to top button