मध्य प्रदेश

8 माह की गर्भवती की मौत के बाद हॉस्पिटल में हंगामा,

परिजनों ने लगाए अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
ड्यूटी डॉक्टर महिला को देखने नहीं पहुंची
कलेक्टर रोहित सिसोनिया पहुंचे अस्पताल,
एंबुलेंस मिलने भी एक घंटे की देरी
हंगामें के बाद छावनी बना अस्पताल परिसर
1

रायसेन। सोमवार को जिला अस्पताल में आठ माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि गंभीर हालत में महिला को देखने ड्यूटी डॉक्टर नहीं पहुंचीं और भोपाल रेफर किए जाने के बाद एम्बुलेंस मिलने में एक घंटे से ज्यादा की देरी हुई। आखिरकार महिला ने एम्बुलेंस में ही दम तोड़ दिया। मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और पुलिस के साथ झूमाझटकी भी हुई।
मामला सोमवार शाम का है। मृतका रितु वर्मा, पति नारायण सिंह, आठ माह की गर्भवती थीं। पहली डिलेवरी होने वाली थी। परिजन उन्हें गंभीर हालत में शाम करीब चार बजे रायसेन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया।
लेकिन परिजनों का आरोप है कि रेफर करने के बाद एम्बुलेंस उपलब्ध कराने में एक घंटे से अधिक का समय लगा। इस दौरान महिला की हालत बिगड़ती रही। एम्बुलेंस में शिफ्ट करने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी लोगों की झूमाझटकी हुई। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
इस पूरे मामले में ड्यूटी डॉक्टर की मौजूदगी पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों की एक पड़ोसी का आरोप है कि सोमवार दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक डॉ. ज्योत्सना भीमते अस्पताल में मौजूद नहीं थीं। नर्स लगातार फोन पर डॉक्टर को महिला की गंभीर हालत की जानकारी दे रही थी, लेकिन डॉक्टर के अस्पताल नहीं पहुंचने का आरोप लगाया जा रहा है।
मृतका की बहन सविता वर्मा ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर उचित इलाज और एम्बुलेंस मिल जाती तो शायद उनकी बहन की जान बच सकती थी। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. अनिल ओड़ का कहना है कि महिला जब अस्पताल लाई गई थी, उस समय उसकी हालत बेहद गंभीर थी। उसका ब्लड प्रेशर 200 था। स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया था।
फिलहाल गर्भवती महिला की मौत के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल यह है कि ड्यूटी डॉक्टर की मौजूदगी, समय पर उपचार और एम्बुलेंस उपलब्ध कराने में हुई कथित देरी की जांच कब होगी? क्या इस मामले में जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी? अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं।
देर रात कलेक्टर रोहित सिसोनिया भी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने मृतका के परिजनों से बात की और जांच कर दोषियों पर कारवाही का आश्वासन दिया।

  1. ↩︎

Related Articles

Back to top button