धार्मिकमध्य प्रदेश

उमरियापान सहित ग्रामीण अंचलों में धूमधाम से मनाई गई दीपावली,

दीपों की रोशनी से जगमगाया पूरा क्षेत्र
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। प्रकाश और खुशियों का महापर्व दीपावली उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। दीपोत्सव के अवसर पर पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा । सुबह से ही घरों और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं सजावट का सिलसिला शुरू हो गया था। लोगों ने अपने घरों को आकर्षक रंगोली, फूलों, विद्युत झालरों और दीपों से सजाया ।
शाम होते ही घर-घर में शुभ मुहूर्त पर मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। परिवार के सदस्यों ने सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना करते हुए मां लक्ष्मी से आशीर्वाद मांगा । पूजन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देकर मिठाइयां बांटी और खुशियां साझा कीं ।
रात होते ही उमरियापान नगर सहित आसपास के गांवों में आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया । रंग-बिरंगी रोशनी और पटाखों की गूंज से आसमान जगमगा उठा। बच्चों में दीपावली को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला । वहीं युवाओं और बुजुर्गों ने भी परिवार के साथ दीपोत्सव का आनंद लिया ।
बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी दीपावली की रौनक देखने को मिली । घरों के आंगन से लेकर मंदिरों और प्रतिष्ठानों तक दीपों की रोशनी ने वातावरण को भक्तिमय और उल्लासमय बना दिया । ग्रामीण अंचलों में भी लोगों ने परंपरागत तरीके से दीप जलाकर दीपावली का पर्व मनाया ।
दीपावली के इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का वातावरण नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं और पर्व की खुशियां साझा कीं । इस तरह उमरियापान सहित संपूर्ण ग्रामीण अंचल में दीपावली का पर्व रोशनी, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुआ ।

Related Articles

Back to top button