लोहा पीटा समाज के बीच पहुंचकर मनाई दीपावली, मिठाई और पटाखे वितरित कर दी शुभकामनाएं
सिलवानी। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मिलकर त्योहार मनाने का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए नगर परिषद सिलवानी के पूर्व अध्यक्ष मुकेश राय सोमवार को लोहा पीटा समाज के बीच पहुंचे और उनके साथ दीपावली का पर्व मनाकर खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर मुकेश राय ने समाज के लोगों से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों एवं परिवारों को मिठाई और पटाखों का वितरण किया। मिठाई और पटाखे पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों के साथ समय बिताया और त्योहार की खुशियां साझा कीं।
मुकेश राय की इस पहल से समाज के लोगों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा। दीपावली के अवसर पर समाज के बीच पहुंचकर खुशियां बांटने की इस पहल को सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और समरसता की भावना से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बेगवा कला की सरपंच कांता यादव एवं ठेकेदार महेंद्र चौरसिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



