दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, दूसरा घायल

मोहनिया ग्राम पंचायत के अंतर्गत हुआ हादसा, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया ग्राम पंचायत के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने- सामने जोरदार भिड़ंत हो गई । इस सड़क दुर्घटना में 45 वर्षीय कैलाश पटेल की मौत हो गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल का चालक अनुराग चौधरी निवासी पहरुआ घायल हो गया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 MG 9095 एवं MP 21 MK 9368 के बीच आमने-सामने टक्कर हुई । दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में कैलाश पटेल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्लीमनाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
वहीं, दुर्घटना में घायल दूसरे बाइक चालक अनुराग चौधरी को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामला पंजीबद्ध कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है ।



