स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहे, ढीमरखेड़ा सरपंच-सचिव, पंचायत में गंदगी का साम्राज्य

73 ग्राम पंचायतों की निगरानी करने वाले जनपद मुख्यालय की अपनी पंचायत में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, सामुदायिक स्वच्छता परिसर के सामने कचरे का ढेर
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शासन द्वारा लाखों रुपये खर्च कर स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है, लेकिन जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा मुख्यालय की ग्राम पंचायत में ही इस अभियान की जमीनी हकीकत चिंताजनक नजर आ रही है । ग्राम पंचायत ढीमरखेड़ा में सामुदायिक स्वच्छता परिसर के सामने कचरे का ढेर लगा हुआ है । परिसर की दीवारों पर काई जम चुकी है और आसपास गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है । ऐसे हालात देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि पंचायत में स्वच्छता और रखरखाव को लेकर कितनी गंभीरता बरती जा रही है ।
स्वच्छता की जिम्मेदारी संभालने वाले ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं । जिस सामुदायिक स्वच्छता परिसर का निर्माण लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था, वही परिसर आज बदहाली का शिकार है । परिसर के सामने जमा कचरा और भवन पर जमी काई नियमित साफ-सफाई के दावों की पोल खोल रही है । सवाल यह है कि आखिर पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले जिम्मेदारों का इस ओर ध्यान क्यों नहीं जा रहा है ।
*अपने ही मुख्यालय की पंचायत में सफाई व्यवस्था चौपट*
जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत कुल 73 ग्राम पंचायतें आती हैं । इन पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की है । लेकिन विडंबना देखिए कि जिस जनपद मुख्यालय से 73 ग्राम पंचायतों की व्यवस्थाओं की निगरानी की जाती है, उसी मुख्यालय की ग्राम पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था बदहाल है । जनपद पंचायत कार्यालय के आसपास ही यदि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है तो दूरस्थ ग्राम पंचायतों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है ।
*सरपंच-सचिव की जवाबदेही तय हो*
ग्राम पंचायत में साफ-सफाई, कचरे का उचित निस्तारण और सार्वजनिक परिसरों का रखरखाव सुनिश्चित करना पंचायत की जिम्मेदारी है । इसके बावजूद सामुदायिक स्वच्छता परिसर के सामने कचरे का ढेर लगा रहना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है । क्या सरपंच और सचिव द्वारा नियमित रूप से पंचायत के सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण नहीं किया जाता? क्या स्वच्छता व्यवस्था केवल सरकारी कागजों और बैठकों तक ही सीमित रह गई है?



