पर्यावरणमध्य प्रदेश

ठंड के मौसम में बोरवेल से निकल रहा गर्म पानी, ग्रामीण हैरान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम बनगवां में एक घर के बोरवेल से लगातार गर्म पानी निकलने का मामला सामने आया है ।  पिछले करीब एक महीने से बोरवेल से इतना गर्म पानी निकल रहा है कि उसका सीधे घरेलू उपयोग करना मुश्किल हो रहा है। ठंड के मौसम में बोरवेल से गर्म पानी निकलने की इस असामान्य घटना ने ग्रामीणों को हैरानी में डाल दिया है । मामला इन दिनों गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है । 
*ठंडा पानी मिलाकर करना पड़ रहा उपयोग*
ग्राम बनगवां निवासी कमलेश ज्योतिषी के घर लगे बोरवेल से सुबह के समय काफी गर्म पानी निकल रहा है ।  कमलेश के मुताबिक, पानी इतना गर्म होता है कि नहाने सहित अन्य घरेलू कार्यों में उपयोग करने से पहले उसमें आसपास की दूसरी बोरिंग से ठंडा पानी मिलाना पड़ता है । सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि उनके घर के ठीक बगल और आसपास स्थित अन्य बोरवेल से सामान्य ठंडा पानी ही निकल रहा है ।  ऐसे में एक ही क्षेत्र में एक बोरवेल से गर्म और दूसरे बोरवेल से सामान्य ठंडा पानी निकलना लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है ।
*वैज्ञानिक जांच से सामने आएगा कारण*
ग्रामीणों का कहना है कि सर्दी के मौसम में बोरवेल से लगातार गर्म पानी निकलना सामान्य बात नहीं है ।  इसलिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पानी के तापमान की जांच करानी चाहिए ।  साथ ही पानी की गुणवत्ता और गर्म होने के संभावित भूगर्भीय कारणों का भी पता लगाया जाना चाहिए, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके ।

Related Articles

Back to top button