ना थकने वाला खिलाड़ी…

हरीश मिश्र ‘वृक्ष मित्र’, लेखक ( स्वतंत्र पत्रकार) 9584815781
बचपन में हम सभी बहुत खेला करते थे। हर टोली में एक ऐसा लड़का जरूर होता था, जिसे कोई अपनी टीम में नहीं लेना चाहता था। वह कहता था…हम भी खेलेंगे, नहीं तो खेल बिगाड़ेंगे! उस समय हम उसकी जिद पर हंसते थे। लेकिन बड़े होने पर समझ आया कि कुछ लोगों के लिए खेल का उद्देश्य जीतना नहीं, खेल में बने रहना होता है।ऐसे खिलाड़ी जीवन के हर क्षेत्र में मिल जाते हैं। राजनीति हो, प्रशासन हो या चिकित्सा का पेशा, इनकी एक ही खूबी होती है… खेलते जरुर हैं।रायसेन में डॉ. दिनेश खत्री, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ऐसे ही खिलाड़ी हैं। जो खेला करते हैं, जब उन्हें खेलने का अवसर नहीं मिलता खेल बिगाड़ देते हैं।पेशे से शल्य चिकित्सक हैं, लेकिन उनकी शल्यक्रिया से ज्यादा रुचि खेलने में है। उनकी बल्लेबाजी भी कलात्मक है। पिच कैसी भी हो, गेंदबाज कोई भी हो, शॉट खेलने का अवसर वे तलाश ही लेते हैं।सीनियर से पहले खेलते हैं, सीनियर को रिटायर कराकर खेलते हैं, जोड़ी बनाकर बल्लेबाजी करते हैं। अभी भी डॉ ओड़ के साथ मिलकर खेल रहे हैंं। एक बार जब खेलने का अवसर नहीं मिला था, तो पिच ही खोद दी थी।वर्ष 2021 से नारायण की कृपा प्रभु के आशीष से खेल रहे हैं। उनके कार्यकाल में विभाग के भीतर कई विवाद उठे। 6 अप्रैल 24 को महिला चिकित्सकों ने उन पर अधीनस्थों पर दबाव बनाने, लिफाफा लेने, फाइलें खोलने और बन्द करने, मनमाना व्यवहार करने और आर्थिक अनियमितताओं जैसे गंभीर आरोप लगाए। पद पर उनकी नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए थे।दूसरी ओर डॉ. खत्री ने भी महिला चिकित्सकों पर मरीजों से पैसे लेने और उन्हें निजी अस्पतालों में भेजने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उस विवाद में उन पर उंगली दिखाने का आरोप लगा था। उनका स्पष्टीकरण था कि वे ऊंगली नहीं दिखा रहे थे,चुनाव का समय था अधिक मतदान करने की अपील कर रहे थे। यानी एक ही घटना को देखने के दो नजरिये थे। यही तो उनके खेलने की खूबी है।फिर आया वर्ष 2025 मौसम बदला, बादल गरजे और बरसे भी। डॉ. हरिनारायण मांडरे को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिली और डॉ. खत्री की राजगढ़ जाना पड़ा। लेकिन रायसेन की पिच का मोह ऐसा था कि राजगढ़ की लाल मिट्टी उन्हें रास नहीं आई। कुछ समय बाद वे फिर रायसेन की काली मिट्टी में खेलने आ गए ।संक्रांति के तिल-गुड़ की मिठास अधिक समय तक उनके मुंह में नहीं रह सकी। बसंत पंचमी के दिन मौसम बदला। डॉ हरिनारायण मांडरे फिर नियुक्त हुए । न्यायालय के आदेश, मंत्रालय के फैसले और प्रशासनिक आदेशों ने इस मुकाबले को नया मोड़ दे दिया। कभी कुर्सी उनके पास रही, कभी कुर्सी उनसे दूर हुई। कभी ताला लगा, कभी खुला। लेकिन उनकी सक्रियता बनी रही। उनकी पुनः नियुक्ति पर एक वरिष्ठ पत्रकार की टिप्पणी खूब चर्चित हुई थी कि अब जिला चिकित्सालय में व्यवस्थाएं सुधरने की उम्मीद है, क्योंकि बिल्ली को ही दूध की रखवाली सौंप दी गई है।पिछले दिनों एक गर्भवती महिला की चिकित्सालय की चौखट पर मृत्यु के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आक्रोशित जनता जिला चिकित्सालय की व्यवस्था सुधारने और उनके निलंबन की मांग कर रही है। ऐसे समय में जिम्मेदारी तय होना जरूरी है। किसी अधिकारी को केवल आरोपों के आधार पर दोषी नहीं ठहराया जा सकता, लेकिन पद पर बैठे व्यक्ति को सवालों से बचने का अधिकार भी नहीं मिल सकता।डॉ. खत्री की इस पूरी प्रशासनिक पारी को देखकर एक बात जरूर समझ आती है….कुछ खिलाड़ियों की असली प्रतिभा रन बनाने में नहीं, क्रीज पर टिके रहने में होती है। पिच बदल जाए, गेंदबाज बदल जाए, अंपायर बदल जाए, यहां तक कि मैच का प्रारूप भी बदल जाए, लेकिन उनका खेल जारी रहता है।सवाल यह नहीं है कि डॉ. खत्री कितने बार आए और कितनी बार बाहर गए। असली सवाल यह है कि उनके कार्यकाल के दौरान जिला चिकित्सालय की व्यवस्था कितनी सुधरी ? मरीजों को कितना बेहतर इलाज मिला ? कितने लोगों ने समय पर उपचार नहीं मिलने पर जिला चिकित्सालय की चौखट पर दम तोड़ा ?क्योंकि सरकारी अस्पताल कोई क्रिकेट का मैदान नहीं है, जहां खिलाड़ी अपनी पारी लंबी करने के लिए खेलता रहे। यहां हर गेंद किसी मरीज की जिंदगी से जुड़ी होती है।आखिरकार, प्रशासन में सबसे बड़ा खिलाड़ी वह नहीं होता जो कुर्सी पर बना रहे, बल्कि वह होता है जिसके जाने के बाद भी उसकी बनाई व्यवस्था जनता याद करे।



