कृषिमध्य प्रदेश

खेत में लगी भीषण आग, तीन एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों ने मांगी मदद

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
सुल्तानगंज। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत खमरिया टीएनजी अंतर्गत ग्राम केरपानी में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब तीन एकड़ क्षेत्र में कटी हुई गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंचने से ग्रामीणों को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा। गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस आगजनी में एक ही परिवार के तीन किसान जसरथ यादव, रामकुमार यादव और जसवंत यादव की खेत में कटी रखी गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है। पीड़ित किसानों ने सुल्तानगंज थाने में घटना की सूचना दर्ज कराई है।
वहीं किसानों ने तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला को आवेदन सौंपकर आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। तहसीलदार ने मामले की जांच कर उचित मदद का आश्वासन दिया है। घटना के बाद से गांव में चिंता और मायूसी का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button