किसान कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, फसल के दाम, मुआवजा और ऋण तिथि बढ़ाने की उठाई मांग

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस, जिला रायसेन के तत्वावधान में ब्लॉक सुल्तानगंज किसान कांग्रेस कमेटी द्वारा मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया गया कि बढ़ती लागत के बावजूद फसलों के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं, जिससे किसान लगातार संकट में हैं।
ज्ञापन में प्रमुख मांग रखते हुए कहा गया कि सोसायटी में ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च से बढ़ाकर 31 मई 2026 की जाए, ताकि किसान शून्य प्रतिशत ब्याज योजना का लाभ ले सकें। साथ ही अमेरिका से सोयाबीन तेल आयात पर रोक लगाने की मांग की गई, जिससे स्थानीय किसानों को हो रहे नुकसान को रोका जा सके।
किसान कांग्रेस ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा गेहूं की खरीदी 4000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने और खरीदी प्रक्रिया समय पर शुरू करने पर जोर दिया गया। पराली जलाने वाले किसानों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई।
ज्ञापन के अंत में सरकार से सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई।
इस दौरान बेगमगंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, सुल्तानगंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ऊदल सिंह राजपूत, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय परिहार, किसान कांग्रेस प्रदेश कमेटी सदस्य कंछेदी लाल शर्मा, कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह राजपूत एवं पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नत्थू सिंह ठाकुर सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।



