निर्माणाधीन पुलिया में बाइक सहित युवक गिरा, मौत, शरीर में सेरिया घुसा

दो दिन में दूसरा हादसा
रायसेन । रायसेन से राहतगढ़ तक बन रहे हाईवे पर एक निर्माणाधीन पुलिया में बाइक सवार युवक गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने सड़क निर्माण कंपनी और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह दो दिन में इस मार्ग पर दूसरा हादसा है।
जानकारी के अनुसार, भोपाल के शहीद नगर वार्ड 8 निवासी 32 वर्षीय अब्दुल कय्यूम रविवार-सोमवार की देर रात भोपाल से बेगमगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे अपनी बाइक सहित निर्माणाधीन पुलिया में जा गिरे। पुलिया में निकले सरिया से गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
सोमवार सुबह नकतरा चौकी पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पुलिया से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
मृतक के मामा लाजिम खान ने बताया कि कय्यूम रविवार को दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उन्होंने रोड कंपनी और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। डायवर्ट रोड पर कोई सूचना या सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए गए थे।
अब्दुल कय्यूम पेशे से ट्रक ड्राइवर थे और ईद की छुट्टियों में अपने घर भोपाल आए हुए थे। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। उनके दो भाई भी हैं।
मृतक कय्यूम के परिचित अली हसन ने भी रोड कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कल ही फलों से भरा एक मिनी ट्रक निर्माणाधीन पुलिया में गिर गया था, जिससे चालक और क्लीनर को गंभीर चोटें आई थीं। इससे पहले भी सुरक्षा संकेतों के अभाव में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।



