सामान्य सभा की बैठक में अधिकारियों की रही अनुपस्थिति, जनपद अध्यक्ष ने कलेक्टर से की शिकायत

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विकासखंड ढीमरखेड़ा में विभागीय अधिकारियों की मनमानी चरम सीमा पर है विकास कार्यों की बैठक में अनुपस्थित रहते हैं । जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे ने कलेक्टर अवि प्रसाद को दिए गए शिकायत पत्र में बताया कि जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में मंगलवार को समय 2 बजे से मेरी अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा हेतु सामान्य सभा की बैठक जनपद मंगल भवन में आहूत की गई थी। लेकिन बैठक में बहुत से विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति रही। जनपद अध्यक्ष ने अधिकारियों की इस उदासीन रवैया से क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दे हल नहीं हो सके। जिसके चलते सभी जनपद सदस्यों में भारी आक्रोश व्याप्त करते हुए बताया कि बैठक में विकासखंड ढीमरखेड़ा विभागीय कार्यालयों के अधिकारियों में बी आर सी, कृषि विभाग, बीईओ, जल संसाधन विभाग, एमपीईबी, बीएमओ, एसडीओपी, खाद्य विभाग, पीडब्लूडी विभाग के अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे। कलेक्टर को दिए गए पत्र में बताया कि निरंतर इन विभागीय अधिकारियों के द्वारा बैठक की उपेक्षा की जाती है। जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे ने कलेक्टर अवि प्रसाद से अपेक्षा की है कि सामान्य सभा की बैठक में अनुपस्थित रहने एवं आगामी बैठकों में उपस्थित रहने के लिए उपरोक्त उदासीन अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी करने का आग्रह किया है जिससे क्षेत्र की समस्याएं हल हो सके।



