विद्युत चोरी के खिलाफ कार्रवाई, चार प्रकरण दर्ज

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेजगढ़। बिजली चोरी एवं अनधिकृत विद्युत उपयोग की शिकायतों को लेकर विद्युत विभाग की टीम ने देवरी, लीलाधर और अमतारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर विद्युत कनेक्शनों, हीटरों एवं अवैध कनेक्शनों की जांच की गई।
जांच के दौरान कई स्थानों पर विद्युत का अनधिकृत रूप से उपयोग किया जाना पाया गया। कार्यपालन अभियंता एम.एल. साहू के निर्देशन में विभागीय टीम ने मौके पर विद्युत कनेक्शनों की जांच करते हुए मीटरों एवं संबंधित दस्तावेजों की स्थिति का परीक्षण किया।
जांच में विद्युत चोरी अथवा अनधिकृत विद्युत उपयोग पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत चार प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी रोकने के लिए आगे भी लगातार चेकिंग एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें और विद्युत चोरी से बचें।
चेकिंग अभियान के दौरान महेश कुमार महतो, वितरण केंद्र प्रभारी शिवदयाल अहिरवार, प्रेम सिंह, तुलसी, अजमेर सिंह, देवेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह एवं बबलू यादव सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।



