देवरी के बाद में देवनगर में दो सूने मकानों में चोरों का धावा
देवनगर में बेटी की शादी करने बारात लेकर खुरई गया था परिवार, दूसरा परिवार गृह प्रवेश करने गया था भोपाल
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। जिले भर में चोरियों की घटना में इजाफा हो रहा है। जिले में पिछले एक सप्ताह में आधा दर्जन बड़ी चोरी की वारदातें सामने आई है।देवरी में सूनेघर में लाखों के जेवरों सहित नकदी रुपये चुराने के पश्चात रविवार को भी जिले में दो बड़ी चोरियों की वारदात हुई है। दोनों वारदातों में परिवार के सदस्य घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। एक परिवार बेटी की शादी करने खुरई गया था। दूसरा परिवार भोपाल में बने नए मकान का गृह प्रवेश करवाने गया था। देवनगर पुलिस ने दोनों ही मामलों में प्रकरण दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरु कर दी है।
अलमारी टूटी, पेटी का नहीं तोड़ पाए ताला….
देवनगर में अज्ञात चोरों ने रामचरण साहू के सूने घर पर धावा बोल कर सोने चांदी के आभूषण सहित नगदी पर हाथ साफ कर दिया। रामचरण साहू के बेटे हेमंत साहू ने बताया उसकी सिस्टर निशा साहू शादी थी।जिसकी बारात लेकर सुबह 7बजे परिवार और रिश्तेदारों के साथ सागर जिले के खुरई मुख्यालय गए थे।बेटी की शादी करने के बाद जब वापस घर पहुंचे तो घर के ताले टूटे हुए मिले, घर के अंदर देखने पर सामान बिखरा पड़ा हुआ था। चोरी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस और एफएसएल की टीम डॉग स्कॉड के साथ पहुंचकर जांच की।
दो अलमारी तोड़ी, ले गए आभूषण और नगदी…..
सलामतपुर कस्बे में मूंगफली कॉलोनी में रहने वाले जमना प्रसाद शर्मा के यहां चोरी की वारदात हुई । जमना प्रसाद अपने परिवार के साथ 4 तारीख को सुबह 11 बजे भोपाल में पिपुल्स कॉलोनी भोपाल में बने नए मकान का ग्रह प्रवेश करवाने के लिए गए हुए थे। जमना प्रसाद को वापस आना था, लेकिन बस नहीं मिलने के कारण वह भोपाल के नए मकान पर ही रुक गए। जमना प्रसाद की पत्नि ममता शर्मा ने बताया कि उन्हें घर पर चोरी होने की सूचना उनके दूध वाले ने दी है।
इसके बाद दोनों बच्चों को भेजा तो दोनों अलमारी के दरवाजे टूटे हुए पड़े थे। एक अलमारी से 31 हजार रुपए दूसरी अलमारी से 25 हजार नगद और सोने चांदी के आभूषण चोरी गए हैं। उनके मुताबिक करीब डेढ़ लाख रुपए की चोरी होना बताया जा रहा है पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।



