PM Aawad Yojana का लाभ पाकर पक्के घर में परिवार के साथ हंसी-खुशी जीवन व्यतीत कर रही हैं रामकली बाई

सिलवानी । प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों, आदिवासी वर्ग के लिए वरदान साबित हो रही है। रायसेन जिले के सिलवानी के वार्ड क्रमांक-1 निवासी रामकली बाई आदिवासी पति रघुवर प्रसाद का पक्के मकान का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ है और अब वह परिवार के पक्के आवास में रह रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए हितग्राही रामकली बाई ने आवास पूर्ण होने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके वर्षो पुराने सपने को साकार किया है। योजना के तहत आवास की स्वीकृति मिलते के बाद जब पहली किश्त की राशि मिली तो उनकी मकान निर्माण की उम्मीद पक्की होने लगी। उनके द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन के आधार पर आवास निर्माण कार्य शुरू किया गया। मकान निर्माण आगे बढ़ने के साथ ही प्रगति के आधार पर किश्त की राशि मिलती गई और देखते ही देखते उनके सपनों का आशियाना पूरा होकर तैयार हो गया। हितग्राही रामकली बाई अपने पुराने दिनों की कठिनाई याद करते हुए बताती हैं कि आवास निर्माण से पहले उनका परिवार कच्ची झोपड़ीनुमा घर में निवास करता था। जहां जीवन व्यतीत करना बहुत कठिन था। अब पक्का मकान मिलने से उनकी समस्याएं दूर हो गई हैं। पक्की छत वाली घर होने से उनकी समाज में प्रतिष्ठा बढ़ी है। नए आवास में परिवार के साथ हंसी-खुशी जीवन व्यतीत कर रही हैं।



