सहायक अध्यापक जीवनलाल बागरी 43 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शासकीय कन्या हाई स्कूल सिलौंडी के सहायक अध्यापक जीवनलाल बागरी ने शिक्षा विभाग में अपनी 43 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा पूर्णकर सेवानिवृत्ति ग्रहण की।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह उपस्थित रहे । अपने संबोधन में उन्होंने जीवन लाल बागरी के समर्पित शिक्षकीय जीवन, अनुशासनप्रिय कार्यशैली और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बागरी जी ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई, जो अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है ।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि लोगों को अपने जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय को दान देकर शाला विकास में सहयोग करने की अपील की, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, पूर्व सरपंच डॉ. मनमोहन राय, सरपंच अनिल सिंह बागरी, सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के सदस्य, संकुल प्राचार्य चंद्रकुमार परमार, प्राचार्य विशाल वरकड़े, जनशिक्षक संतोष बर्मन सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए । सभी वक्ताओं ने जीवन लाल बागरी की कर्तव्यनिष्ठा, विद्यार्थियों के प्रति स्नेह और विद्यालय के विकास में उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी अनिल पांडे, रजनीकांत राय, अन्नू पाल, तुलसी नामदेव, प्रह्लाद राय, श्याम नारायण राय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में जीवनलाल बागरी को शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया । भावुक क्षणों के बीच उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सेवा उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय रही है और विद्यार्थियों का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।



