उत्कृष्ट विद्यालय में ड्रग तस्करी एवं रोकथाम के संबंध में जागरूकता शिविर सम्पन्न
सिलवानी। बुधवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिलवानी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायसेन के अध्यक्ष श्री ओंकारनाथ के मार्गदर्शन में किशोरों एवं छात्रों में ड्रग तस्करी एवं रोकथाम के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अतुल यादव न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय सिलवानी उपस्थित हुए। प्रारम्भ में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यापर्ण कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियो का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में श्री यादव द्वारा बताया गया कि किशोरों में ड्रग्स का सेवन एवं तस्करी बहुत बड़े पैमाने पर बढ़ रही है इसलिए इस संबंध में राष्ट्रीय स्तर पर जागरूकता का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किशोर नशे के सेवन के आदी हो रहे हैं एवं किशोरों में बड़े पैमाने पर ड्रग्स की लत बढ़ रही है। भारत में प्रतिवर्ष ड्रक्स एवं एवं तस्करी के मामले 20% की दर से बढ़ रहे हैं और देश में प्रतिदिन ड्रग्स के कारण औसतन 21 व्यक्ति मर जाते हैं या आत्महत्या कर लेते हैं इसलिए यह विषय अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चिंतनीय है। अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ एवं तस्करी निषेध दिवस प्रतिवर्ष 26 जून को मनाया जाता है ताकि ड्रग्स एवं मादक पदार्थों के संबंध में लोगों को जागृत किया जा सके। देश में ड्रग्स तस्करी को रोकने के लिए नेशनल नारकोटिक्स ब्यूरो जैसी संस्थाएं भी कार्यरत हैं । श्री यादव ने सभी बच्चों को मादक पदार्थों का सेवन एवं तस्करी के रोकने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया एवं सभी बच्चों को शपथ दिलाई की वे अपने जीवन में कभी भी नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे। कार्यक्रम में किशोर छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक विजय सोनी ने किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य आजाद राय, दिनकर शांडिल्य, अजय चौरसिया, मनीष भार्गव, रघुवंशी, गौरव मुखरैया एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे । आभार व्यक्त दिनकर शांडिल्य द्वारा किया गया।




