मुख्यमंत्री को भाजपा मंडल अध्यक्ष ने सौंपा दो सूत्रीय ज्ञापन

उमरियापान मे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शीघ्र शुरू करने और करौंदी स्थित भारत के भौगोलिक केन्द्र बिन्दु को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । स्लीमनाबाद अंडरग्राउंड टनल के निरीक्षण पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भाजपा मंडल उमरियापान के अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने क्षेत्र की जनहित एवं विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा ।
ज्ञापन में पहली मांग उमरियापान में स्वीकृत नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की है । बताया गया कि स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य लंबित है, जिसके कारण क्षेत्र की बड़ी आबादी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है । मुख्यमंत्री से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देकर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आग्रह किया गया ।
दूसरे ज्ञापन में ग्राम करौंदी (उमरियापान) स्थित भारत के भौगोलिक केंद्र बिंदु के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की मांग की गई । ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि राष्ट्रीय महत्व का यह स्थल वर्तमान में उपेक्षा का शिकार है तथा यहां स्थित स्मारक एवं अन्य संरचनाएं जर्जर अवस्था में हैं । यदि इस स्थल का समुचित विकास किया जाए तो यह प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों में अपनी विशेष पहचान बना सकता है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर कार्रवाई करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ-साथ पर्यटन, रोजगार और स्थानीय विकास को भी नई गति मिलेगी । मुख्यमंत्री ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया ।



