खेत के कुएं में नहाते समय बालक की डूबने से मौत

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । अपने खेत पर तीन दोस्तों के साथ गया एक 15 वर्षीय बालक की पड़ोसी के खेत में बने कुएं में दोस्तों के साथ नहाते समय डूबने से मौत हो गई।
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ग्राम ध्वाज में राजेश साहू का एक 15 वर्षीय पुत्र मोतीलाल साहू अपने तीन दोस्तों के साथ पिता के खेत पर घूमते हुए पहुंचा और पास में तुलसीराम पिता गोरेलाल के खेत में बने कुएं पर सभी दोस्तों के साथ नहाने पहुंच गया और सभी कुएं में उतर कर नहाने लगे। इस बीच मोतीलाल गहरे पानी में चला गया ओर डूब गया। साथ नहाने वाले दोस्तों को उसके डूबने की भनक नहीं लगी और वो नहाकर अपने -अपने घर पहुंच गए। करीब दो घण्टे तक जब मोतीलाल घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन की गई। साथ जाने वाले दोस्तों से भी पूंछा जिन्होंने अनभिज्ञता प्रकट की । परिजन एवं गांव वाले खोजते हुए कुएं पर पहुंचे तो वहां उसकी चप्पल ओर कपड़े एक तरफ रखे हुए दिखने पर आशंकित लोगों ने कुएं के अंदर गांव के एक लड़के को उतार कर खोजबीन शुरू कराई।
कुएं की तलहटी से उतरे गोताखोर लड़के ने बालक को खोज लिया और ऊपर लेकर आया।
डायल 112 को मिली सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा उपरांत मृत बालक मोतीलाल साहू का पोस्टमार्टम कराने मरचुरी कक्ष लेकर आए।
पुलिस ने मामला दर्जकर विवेचना में लिया है।



