धार्मिकमध्य प्रदेश

दीपावली सा सजा नगर, पुष्प वर्षा से हुआ दादा गुरु की परिक्रमा दल का स्वागत

साईंखेड़ा में उमड़ा आस्था का सैलाब
रिपोर्टर : कमलेश अवधिया
साईंखेड़ा | मां नर्मदा के अनन्य उपासक दादा गुरु की ‘नर्मदा परिक्रमा दल’ के साईंखेड़ा आगमन पर पूरा नगर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। हजारों परिक्रमावासियों के स्वागत में नगर को किसी दुल्हन की तरह सजाया गया, जिससे माहौल बिल्कुल दीपावली के त्यौहार जैसा प्रतीत हो रहा था।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
नगर की सीमा में प्रवेश करते ही परिक्रमा वासियों का स्वागत पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ किया गया। दादा गुरु के दर्शनों के लिए सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। नगर के प्रमुख चौराहों पर रंगोली सजाई गई थी और स्वागत द्वारों से पूरे मार्ग को भव्य रूप दिया गया था।
कमला पैलेस में रहा पड़ाव
दादा गुरु के साथ चल रहे लगभग 3 से 4 हजार परिक्रमा वासियों के ठहरने की व्यवस्था कमला पैलेस में की गई थी। यहाँ यात्रियों के लिए भोजन, विश्राम और स्वास्थ्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम रहे। प्रशासन की ओर से नरसिंहपुर एसपी, एडिशनल एसपी एवं जिला पंचायत सीईओ सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला, ताकि इतनी बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
अमृतवाणी सुनने उमड़े हजारों श्रद्धालु
शाम 7 बजे कमला पैलेस प्रांगण में धर्म सभा का आयोजन हुआ। दादा गुरु की ‘अमृतवाणी’ सुनने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। गुरुदेव के प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों की टीम मुस्तैद रही।
धूनीवाले दादा के दरबार में टेका माथा
अगले दिन प्रातः काल 7 बजे दादा गुरु अपने शिष्यों और परिक्रमा वासियों के साथ स्थानीय दादा जी धूनीवाले मंदिर पहुँचे। यहाँ विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। मंदिर परिसर गुरुभक्ति के नारों से गूंज उठा। पूजन के पश्चात दल ने अपने अगले गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

Related Articles

Back to top button