आदिम जाति कल्याण विभाग के भवन पर अनाधिकृत रूप से कब्जा हटाए जाने एवं दोषी अधिकारी व कर्मचारी पर कार्यवाही किए जाने की मांग
सिलवानी। आदिम जाति कल्याण विभाग के भवन पर अनाधिकृत रूप से 25 वर्षों से किए गए कब्जा हटाए जाने एवं दोषी अधिकारी व कर्मचारी पर कार्यवाही किए जाने की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों और आदिवासी समाज से मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम संघमित्रा बौद्ध को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सिलवानी जनपद पंचायत प्रांगण में आदिम जाति कल्याण विभाग का भवन बना हुूआ है जिस पर मुख्य कार्यापालन अधिकारी सिलवानी श्रीमति रश्मि चौहान द्वारा अनाधिकृत रूप से अपना कब्जा कर लिया है और स्वयं का निजी सामान रखकर निवासरत है। इसी प्रकार कर्मचारी भुजवल बघेल जो कि संविदा कर्मचारी है तथा जिनकी पोस्टिंग उदयपुरा जनपद पंचायत कार्यालय में है जिनका अटेचमेंट सिलवानी जनपद कार्यालय में किया गया है वह भी आदिम जाति कल्याण विभाग के भवन में अपना निजी सामान रखकर निवासरत है। आदिवासी भवन में कार्यालय संचालित न होने से सुदूर क्षेत्र से आने वाले गरीब आदिवासी वर्ग को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त नहीं हो पाती है और गरीब आदिवासी बाहुल्य विकासखंड में आदिवासी वर्ग शासन की योजनाओं से वंचित है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा ज्ञापन सौंपकर आदिम जाति कल्याण विभाग का भवन खाली कराने की मांग की। मांग पूण न होने पर धरना प्रदर्शन, चक्काजाम की चेतावनी दी है जिसकी संपूर्ण जबावदारी स्थानीय अधिकारियों से लेकर जिला प्रशासन व शासन की होगी। इस दौरान करन सल्लाम, राजू उइके, धर्मदास इमने, सुरमीला, खुमान सिंह, लीलाधर, राजेष आदि मौजूद रहे।



