मध्य प्रदेश

अपूर्ण आवासों को लेकर जनपद सीईओ का औचक निरीक्षण,

हितग्राहियों को शीघ्र निर्माण पूर्ण करने के दिए निर्देश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर योजनाओं में प्रगति लाने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ यजुवेंद्र कोरी ने ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायत सगौना एवं आमाझाल का औचक निरीक्षण कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास पूर्णता की स्थिति का जायजा लिया ।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों से लक्ष्य एवं आवास पूर्णता की प्रगति की जानकारी प्राप्त की । बताया गया कि ग्राम पंचायत सगौना में सर्वाधिक 36 आवास अपूर्ण हैं, जबकि आमाझाल में 22, कुदरा में 17 तथा महुदा में 5 आवास अभी पूर्ण नहीं हो सके हैं ।
श्री कोरी ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण शीघ्र पूरा करने की समझाइश दी । हितग्राही रामदयाल ने बताया कि एक वर्ष के भीतर माता-पिता के निधन के कारण उनका आवास निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका । इस पर सीईओ ने सहानुभूति व्यक्त करते हुए अन्य हितग्राहियों को भी प्राप्त राशि का सदुपयोग कर समय पर आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया ।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब होने पर सामग्री एवं मजदूरी की लागत बढ़ जाती है, जिससे आवास पूर्ण करना और अधिक कठिन हो सकता है । इसलिए सभी हितग्राही प्राथमिकता के आधार पर अपने आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करें, ताकि उन्हें अपने स्वयं के पक्के घर में रहने का सुख प्राप्त हो सके ।
गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने वाले हितग्राहियों की सराहना
निरीक्षण के दौरान श्री कोरी ने सगौना के हितग्राही दुर्गा एवं बाजा जी द्वारा गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण कराए जाने पर उनकी सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया ।
उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन आवासों की प्रगति की सघन निगरानी करें तथा हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखकर निर्माण कार्य में तेजी लाएं ।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के बीसी अभिषेक भार्गव, ग्राम पंचायतों के सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button