मध्य प्रदेश

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लेभर नदी के घाटों की सफाई की मांग

सावन और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से की पहल की अपेक्षा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सिलौंडी क्षेत्र के ग्रामीणों ने लेभर नदी के प्रमुख घाटों की सफाई कराए जाने की मांग उठाई है । ग्रामीणों का कहना है कि मानसून और सावन माह के आगमन से पहले नदी घाटों की साफ-सफाई कराना आवश्यक है, ताकि धार्मिक गतिविधियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ग्रामीणों के अनुसार सिलौंडी स्थित भारत नगर घाट, नेगाईं घाट, अतरसूमा घाट तथा पंचायत भवन के समीप स्थित घाट वर्तमान में गंदगी और झाड़ियों से घिरे हुए हैं। सावन माह में श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ, मां देवी के ज्वारे विसर्जन तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए इन घाटों पर जाना पड़ता है। इसके अलावा नदी में स्नान करने आने वाले लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है ।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत समय रहते घाटों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराया जाए तो श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मानसून शुरू होने से पहले लेभर नदी के सभी प्रमुख घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे धार्मिक और सामाजिक गतिविधियां सुचारु रूप से संपन्न हो सकें ।

Related Articles

Back to top button