किसानों ने किया राजमार्ग पर चक्काजाम, प्रशासन की मध्ययस्था से हुआ समाप्त
सिलवानी। मंगलवार को दोपहर में राजमार्ग 15 सागर बरेली पर टोल टेक्स के पास किसानों ने मूंग खरीदी में सर्वेयर और बेयर हाउस संचालक की मनमानी से नाराज होकर चक्काजाम कर दिया। लगभग एक घंटा चक्का जाम के बाद प्रभारी तहसीलदार और थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद चक्काजाम को समाप्त किया गया।
प्राप्त जानकारी की अनुसार बीकलपुर सोसायटी की किरणवीर बेयर हाउस पर मूंग की खरीदी की जा रही है। इस केन्द्र पर सर्वेयर द्वारा पास की फसल को बेयर हाउस संचालक द्वारा रिजक्ट कर दी जाती है। किसानों ने आरोप लगाया है कि सर्वेयर द्वारा तीन दिन से पास की गई मूंग की तुलाई नहीं की जा रही है। किसानों ने बताया कि जिस फसल को सर्वेयर द्वारा पास किया गया उसको बाद में रिजक्ट की जाती है। किसानों ने आरोप लगाया कि जिस किसान से लेनदेन हो जाता है तो उसकी दागी और नमी वाली मूंग की खरीदी की जा रही है।
क्षेत्र के किसान लगातार मूंग खरीदी को लेकर परेशान है और दो तीन बार ज्ञापन भी दे चुके है। दो दिन पूर्व क्षेत्र के किसानों ने कलेक्टर उमाशंकर भार्गव से मिलकर मूंग उपज के सेम्पल लेकर गये थे और सर्वेयर और बेयर हाउस संचालक की मनमानी से अवगत कराया गया। परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई। सर्वेयर और बेयर हाउस संचालक की मनमानी बरकरार है। मूंग खरीदी केन्द्र पर किसानों की सुविधा के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं मुख्य मार्ग से बेयर हाउस के लिए जो रास्ता है वह भी काफी खराब है थोड़ी सी ही बारिश में कीचड़ में सराबोर हो जाता है।
मंगलवार की दोपहर में नाराज किसानों ने राजमार्ग 15 पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रभारी तहसीलदार कविराज मेहरा, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी बी.एल. शर्मा एवं थानाप्रभारी आशीष चौधरी दल बल के साथ पहुंचे। किसानों से चर्चा कर उचित कार्यवाही के आश्वासन के लगभग एक घंटे चले चक्काजाम को समाप्त किया गया। इस दौरान मार्ग के दोनों वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
कृष्णकांत रघुवंशी, अभिषेक पटेल, राहतउल्ला, चतुरनारायण रघुवंशी, ब्रजेश, महेन्द्र, राजेन्द्र आदिवासी, छोटू आदिवासी, मुन्ना हरिजन, रामबाबू रघुवंषी आदि किसान उपस्थित थे।