क्राइम

चौसिंगा का शिकार, दो सगे भाइयों समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 12 बोर बंदूक और मांस जब्त

रायसेन । रायसेन में वन्यजीव शिकार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सामान्य वन मंडल रायसेन की टीम ने कार्रवाई करते हुए चौसिंगा (चीतल) वन्यजीव के शिकार के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से अवैध 12 बोर बंदूक, खाली खोखे, शिकार किया गया मांस, टॉर्च सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। वन विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से वन आरोपियों में दहशत का माहौल है।
रायसेन डीएफओ प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार को पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात जंगल क्षेत्र में अवैध शिकार की वारदात को अंजाम दिया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में शाद अहमद निवासी जैन मंदिर के पास, आदिल खान एवं अमान खान निवासी तहसील मोहल्ला तथा राशिद खान निवासी शरीफ कॉलोनी रायसेन शामिल हैं। आदिल और अमान आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रवेश पाटीदार के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में डिप्टी रेंजर प्रभात यादव, संजय मौर्य सहित अन्य वन विभाग का स्टाफ शामिल रहा।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button