मध्य प्रदेश

शिव धाम कुंडेश्वर में उतारी गई गंगा आरती, दीपों की रोशनी से जगमगाए नदी के घाट

श्रद्धालुओं ने लिया जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । जिला स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान और गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में रविवार रात शिव धाम कुंडेश्वर में गंगा आरती का आयोजन किया गया। जमदार नदी के तट पर आकर्षक रंगोली सजाई गई। इस दौरान कलेक्टर और भाजपा जिलाध्यक्ष ने श्रद्धालुओं के साथ नदी की आरती उतार कर पूजा अर्चना की।
शिव धाम कुंडेश्वर मंदिर के प्रधान पुजारी जमुना तिवारी महाराज ने बताया कि 5 जून से 16 जून तक चले जिला स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान का रविवार को समापन किया गया। इस मौके पर जमदार नदी के तट पर रंगोली सजाकर आकर्षक साज सज्जा की गई। साथ ही विधि विधान से नदी की पूजा अर्चना के बाद आरती उतारी गई।
उन्होंने बताया कि नदी के चारों ओर हजारों दीपक जलाए गए। भाजपा जिलाध्यक्ष अमित नुना और कलेक्टर अवधेश शर्मा ने पूजा अर्चना के बाद नदी की आरती उतारी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हाथों में दीपक लेकर नदी की आरती उतार कर जल स्रोतों को साफ स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान नदी के चारों ओर सुरक्षा के तौर पर कोतवाली और खिरिया चौकी पुलिस के जवान तैनात रहे। करीब 2 घंटे तक चले धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर अवधेश शर्मा ने उपस्थित लोगों को प्राचीन जल स्रोतों को सुरक्षित और संरक्षित रखने का संकल्प दिलाया।

Related Articles

Back to top button