लाखों की शासकीय जमीन अतिक्रमण मुक्त
बरेली बार में राजस्व-पुलिस विभाग की संयुक्त कार्यवाही
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शनिवार को उमरियापान के समीपी ग्राम बरेली बार में लगभग 40 लाख से अधिक कीमत की जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
गौरतलब है कि बरेली बार ग्राम के सोनू वल्द शिवकुमार पटेल, नरेश पटेल, भैयालाल पटेल द्वारा लगभग साढ़े तीन एकड़ शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर लिया गया था और वर्षों से उस पर खेती की जा रही थी। मौके पर मकान का निर्माण भी कर लिया गया। तत्संबंध में नायब तहसीलदार उमरियापान, ढीमरखेड़ा तहसीलदार को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत उपरांत संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को सूचित किया गया था और स्वयं ही अतिक्रमण से हटाने निर्देशित किया गया था इसके बाद भी अतिक्रमणधारियों द्वारा अधिकारियों की बातों को अनदेखा किया जाता रहा है और जब इनके द्वारा स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो राजस्व और पुलिस की मौजूदगी में उक्त अतिक्रमण को धवस्त किया गया। प्रभारी तहसीलदार हरिसिंह धुर्वे ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन की कीमत लगभग 40 लाख के आसपास होगी। वहीं विवाद की आशंका को देखते हुये उमरियापान एवं ढीमरखेड़ा थाने का पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस दौरान प्रभारी तहसीलदार हरिसिंह धुर्वे, नायब तहसीलदार उमरियापान प्रियंका नेताम, थाना प्रभारी उमरियापान गणेश प्रसाद विश्वकर्मा, थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा विजय सिंह बघेल सहित पुलिस बल एवं राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।



